कटनी में शांति समिति की बैठक 31 अक्टूबर को

 




कटनी (30 अक्टूबर)शाहरुन रशीद - नवम्बर माह में मिलादुन्नबी और दिसम्बर में क्रिसमस त्यौहार के मद्धेनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक 31 अक्टूबर 2019 को सांय 4 बजे से पुलिस कन्ट्रोल रुम पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समीप आयोजित की गई है। शांति समिति के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों से बैठक में उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।


क्रमांक/1987/223/सिंह/मिश्रा


शासकीय भवनों में होगी रोशनी


कटनी (30 अक्टूबर)- मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवम्बर 2019 को जिले के समस्त शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर सांयकाल रोशनी की जायेगी। इस व्यवस्था पर होने वाला व्यय संबंधित विभाग अपने विभागीय बजट से करना सुनिश्चित करेंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत और नोडल अधिकारी स्थापना दिवस आयोजन जगदीश चन्द्र गोमे ने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को इस आशय के निर्देश जारी कर दिये हैं।


क्रमांक/1988/224/सिंह/मिश्रा


राष्ट्रीय संकल्प दिवस व राष्ट्रीय एकता दिवस पर निकाली जायेगी रैली


मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर फॉरेस्टर प्लेग्राउण्ड में आयोजित होगा जिलास्तरीय कार्यक्रम


कटनी (30 अक्टूबर)- राज्य शासन के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय संकल्प दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के रुप में मनाया जायेगा। इसके साथ ही 1 नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर जिलास्तरीय मुख्य कार्यक्रम नगर निगम के फॉरेस्टर प्लेग्राउण्ड में आयोजित होगा।


            इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी बी0बी0 दुबे ने नगर निगम क्षेत्र अन्तर्गत समस्त शासकीय व अशासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों व हाई स्कूलों के प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं। 31 अक्टूबर को आयोजित राष्ट्रीय संकल्प दिवस व राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रैली में संबंधित विद्यालयों के कक्षा 9वीं से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं को प्रातः 7.30 बजे साधूराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनी में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिये कहा गया है। यह रैली साधूराम स्कूल से प्रारंभ होकर गांधीद्वार, कोतवाली तिराहे से स्टेट बैंक तिराहा, कचहरी चौक होते हुये फॉरेस्टर प्लेग्राउण्ड में समाप्त होगी।


            1 नवम्बर को फॉरेस्टर प्लेग्राउण्ड में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने विद्यालयों के कक्षा 9वीं से कक्षा 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को इस जिलास्तरीय मुख्य कार्यक्रम में अनिवार्य रुप से सम्मिलित करायें।


क्रमांक/1989/225/सिंह/मिश्रा


राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली जायेगी शपथ


कटनी (30 अक्टूबर)- राज्य शासन के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर 2019 को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि को राष्ट्रीय संकल्प के रुप में मनाया जायेगा। इसी प्रकार 31 अक्टूबर को ही स्वर्गीय सरदार बल्लभ भाई पटेल की जन्मतिथि को राष्ट्रीय एकता दिवस के रुप में मनाया जायेगा।


            सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार राष्ट्रीय संकल्प दिवस पर स्थानीय प्रशासन द्वारा रैलियों का आयोजन होगा, जिसमें राष्ट्रीय भावना और देशभक्ति के गीत गाये जायेंगे। गणमान्य व्यक्तियों द्वारा कार्यक्रमों में भाषण और व्याख्यान भी दिये जायेंगे। युवाओं का खासतौर से इन आयोजनों में शामिल किया जायेगा।


            राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिला मुख्यालय पर समाज के विभिन्न वर्गों को शामिल करते हुये रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन होगा। इसी दिवस शाम को राज्य पुलिस एवं अन्य एजेन्सी तथा सेन्ट्रल पैरामिल्ट्री फोर्स के माध्यम से मार्चपास्ट के आयोजन के निर्देश भी जारी किये गये हैं। कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस और राष्ट्रीय संकल्प दिवस के कार्यक्रम निर्देशानुसार आयोजित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये हैं।


क्रमांक/1990/226/सिंह/मिश्रा


(खुशियों की दास्तान)


अपना आवास बनाने में निःशक्तता भी नहीं बनी बाधक


दिव्यांग फूलचन्द्र ने सबसे पहले किया निर्माण पूरा


कटनी (30 अक्टूबर)- जब इरादे बुलंद हो और पूरे मन से प्रयास किया जाये, तो सफलता सुनिश्चित होती है। यह बात सच साबित कर दिखाई है कटनी जनपद के ग्राम पंचायत घंघरी खुर्द पड़रिया निवासी फूलचन्द्र भूमिया ने।


            दिव्यांग फूलचन्द्र को अनुचूचित जनजाति वर्ग के लक्ष्य में इसी साल प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से उनके कच्चे एक कमरे को पक्का आवास बनाने की सहायता स्वीकृत हुई थी। आवास निर्माण की ललक में फूलचन्द्र की दिव्यांगता भी आड़े नहीं आई। उन्होने अपनी पत्नि निमिया भूमियां के साथ मिलकर अपने आवास का निर्माण केवल डेढ़ महीने में पूरा करते हुये पूरे कटनी जनपद पंचायत में सबसे पहले आवास पूर्ण कर लेने वाले हितग्राहियों में अपना पहला स्थान दर्ज करा लिया। धनतेरस के दिन जिलास्तरीय आवास हितग्राहियों के गृहप्रवेश कार्यक्रम में कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने उन्हें नये घर की चाबी भेंटकर समारोह पूर्वक गृहप्रवेश कराया।


            दिव्यांग फूलचन्द्र बताते हैं कि पैरों की आशक्तता की वजह से चलने फिरने में बहुत दिक्कत थी। उन्हें सरकार की तरफ से ट्रायसाईकल भी मिली है। अपने एक कमरे के कच्चे मकान में रह रहे फूलचन्द्र भुमिया का सपना था कि एक अद्द उनका भी पक्का मकान हो जाता, तो जिंदगी आसान हो जाती। पास में पैसा नहीं और बरसात में पूरा पानी खपडैल से अन्दर आता था। बरसात के चार महीने बड़ी कठिनाई से गुजरते थे। फूलचन्द्र का सपना पूरा हुआ प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से। उन्हें वर्ष 2019-20 में पक्का मकान बनाने 1 लाख 35 हजार लगभग की सहायता स्वीकृत हुई। फिर क्या था, फूलचन्द्र ने अपनी पत्नि के साथ मिलकर डेढ़ महीने में ही आवास निर्माण कर तैयार कर लिया। फूलचन्द्र सरकार के प्रति आभार जताते हुये अब बेहद खुश है। उनका कहना है कि सरकार हम जैसे गरीबों के लिये पक्की छत की सुविधा दे रही है। अब शेष जिंदगी बड़ी आसानी से गुजर होगी।


फोटो संलग्न- 01, 02


क्रमांक/1991/227/सिंह/मिश्रा


(खुशियों की दास्तान)


लोकसेवा केन्द्रों से आवेदकों को मिल रही समय पर सेवायें


कटनी (30 अक्टूबर)- प्रदेश के अन्य जिलों के साथ कटनी जिले में भी बुधवार 11 सितंबर से लोकसेवा केन्द्रों में भू-अभिलेखों के वितरण की नई व्यवस्था प्रारंभ की गई है। लोक सेवा केन्द्रों में अब आसनी से भू-अभिलेख पाकर जिले के किसान काफी खुश और उत्साहित है। किसानों के हित में प्रारंभ की गई इस नई व्यवस्था के लिए वे प्रदेश सरकार को धन्यवाद देते हुए नहीं थकते।


        लोकसेवा केन्द्र शहरी में नगर निगम क्षेत्र अन्तर्गत आदर्श कॉलोनी निवासी आवेदक गणेश प्रसाद गुप्ता ने अपनी भूमि के खसरा खतौनी हेतु आवेदन दिया था। निर्धारित शुल्क और समयावधि में सहजता से आवेदन दिनांक को ही लोकसेवा केन्द्र के माध्यम से गणेश प्रसाद को हस्ताक्षर युक्त खसरा-खतौनी की नकल प्राप्त हो गई। उन्हें यकीन ही नही होर रहा था कि इतनी सहजता से भू-अभिलेख की नकल एक दिन में ही प्राप्त हो जायेगी। इस मौके पर किसान रामलाल ने कहा कि  पहले खसरा-खतौनी की नकल निकलवाने के लिए तहसील और अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ते थे। प्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई इस नई व्यवस्था से अब सभी अभिलेख बिना भटके आसानी से मिलने लगे हैं। निर्धारित शुल्क अदा करने के अलावा अब इसमें न तो टिकट लगाने का झंझट है और ना ही प्रमाणित कराने की आवश्यकता है।


किसानों को भूमि संबंधी रिकार्ड जो पहले एनआईसी के माध्यम से दिए जाते थे अब लोक सेवा केन्द्रों में वेब जीआईएस सर्वर के माध्यम से उपलब्ध हो रहे है। आम-जन घर बैठे ही भू-अभिलेख की प्रतियां प्राप्त करने के लिए ऑनलाईन आवेदन कर निर्धारित शुल्क जमा कर सकते है। इससे किसानों को अब तहसील कार्यालय में आकर बंधक दर्ज कराने की आवश्यकता नहीं होगी। प्रमाणित प्रतिलिपि खसरा, बी-1, नक्शा, खातावार खसरा की प्रतिलिपि, प्रथम पृष्ठ के लिए 30 रूपये शुल्क निर्धारित है जबकि अन्य अतिरिक्त पृष्ठ के लिए प्रत्येक पृष्ठ के लिए 15 रूपये निर्धारित है।


फोटो संलग्न- 03


क्रमांक/1992/228/सिंह/मिश्रा


खरीफ-2019 में पंजीयन अब 6 नवम्बर तक


कटनी (30 अक्टूबर)- राज्य शासन द्वारा खरीफ-2019 में ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर को बढ़ाकर अब 6 नवम्बर कर दिया गया है। मक्का, सोयाबीन, मूंग, उड़द, अरहर, मूंगफली, कपास, तिल और रामतिल उत्पादक किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा इस संबंध में समस्त जिला कलेक्टर्स को भी दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं।


क्रमांक/1993/229/सिंह/मिश्रा


प्राथमिक और उप स्वास्थ्य केन्द्र को ''मध्यप्रदेश आरोग्यम'' के रूप में विकसित करने की कार्य-योजना


कटनी (30 अक्टूबर)- प्रदेश में जनसमुदाय को उनके निवास के समीप ही बेहतर एवं व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिये प्राथमिक और उप-स्वास्थ्य केन्द्रों को ''मध्यप्रदेश आरोग्यम'' के रूप में विकसित किया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य केन्द्रों में वर्तमान में प्रदाय की जा रही सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाया जाएगा। इसके साथ ही, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज तथा केंसर जैसी बीमारियों की समय पूर्व पहचान, नियंत्रण एवं उपचार भी इन संस्थाओं में उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिये सभी आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता के साथ प्रयोगशाला संबंधी सभी आवश्यक जाँचें भी सुनिश्चित की जा रही हैं।


प्रदेश में इस वर्ष 2019-20 में 26 जिलों की प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थाओं और 1015 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों को आरोग्यम के रूप में विकसित करने की कार्य-योजना पर कार्य किया जा रहा है। आरोग्यम प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर जन-समुदायों को 11 स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इनमें गर्भावस्था में देखभाल एवं प्रसव, नवजात शिशु की देखभाल, बाल्य एवं किशोर स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन सेवाएँ, संक्रामक रोगों का इलाज, संक्रामक रोगों का इलाज एवं सामान्य बीमारियों के लिये ओ.पी.डी. सेवाएँ, गंभीर रोगों की स्क्रीनिंग और रोकथाम, आँख तथा कान से संबंधित सेवाएँ, बेसिक ओरल हेल्थ केयर, वृद्धावस्था में देखभाल, आपातकालीन मेडिकल सेवाएँ और मानसिक स्वास्थ्य के संदर्भ में जाँच एवं मूलभूत स्वास्थ्य सेवाएँ प्रमुख हैं। मध्यप्रदेश आरोग्यम केन्द्रों में योग संबंधी गतिविधियाँ भी नियमित रूप से संचालित की जाएंगी।


क्रमांक/1994/230/सिंह/मिश्रा